वाहन मालिक को 71,900 रुपये देने के आदेश संवाद न्यूज एजेंसी
शिमला। जिला उपभोक्ता आयोग के अध्यक्ष डॉ. बलदेव सिंह ने वाहन मालिक को इंश्योरेंस क्लेम न देने पर बीमा कंपनी पर जुर्माना लगाया है।
आयोग ने ओरिएंटल इंश्योरेंस कंपनी लिमिटेड को शिकायत दर्ज करने की तिथि से वसूली तक नौ प्रतिशत प्रति वर्ष की दर से ब्याज सहित 71,900 (आईडीवी वैल्यू) रुपये का भुगतान करने के आदेश दिए हैं। बशर्ते शिकायतकर्ता कंपनी के पास रद्द आरसी जमा करें। साथ ही 45 दिन के भीतर 25 हजार रुपये मानसिक तनाव और कोर्ट खर्च के भी देने होंगे। कोर्ट में सुनवाई के दौरान समरहिल शिकायतकर्ता मनजीत सिंह ने बताया कि वाहन 21 अक्तूबर 2023 तक बीमाकृत था। 16 मई 2023 को उसका परिवार अपने पैतृक गांव उत्तर प्रदेश से शिमला आ रहा था। दोपहर 2.20 बजे सिकंदर घाट नाहन पहुंचे तो एक गलत दिशा से आ रहे टिपर ने उनके वाहन को टक्कर मार दी। दुर्घटना में वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। उन्होंने इस बाबत पुलिस और बीमा कंपनी को सूचित किया। इस दौरान कंपनी के सर्वेक्षक ने मौके पर जाकर वाहन को पूरी तरह से क्षतिग्रस्त घोषित कर दिया था। दलील दी कि शिकायतकर्ता ने कंपनी के संज्ञान में सभी तथ्य लाए थे लेकिन दावे का निपटारा नहीं किया। इससे परेशान होकर उपभोक्ता आयोग का दरवाजा खटखटाया।