पूर्व सैनिक लीग के उपाध्यक्ष सैनिक ठाकुर किशोर चंद ने कहा कि भारत ने पुलवामा आतंकी हमले का हवाई स्ट्राइक कर पाकिस्तान से बदला ले लिया है। किशोर चंद वायु सेना में रहते हुए 1961 में गोवा ऑपरेशन, 1962, 1965 और 1971 की लड़ाई में हिस्सा ले चुके हैं।
उन्होंने कहा कि सेना की यह कार्रवाई भारत के शहीद सैनिकों को सच्ची श्रद्धांजलि है। सेना के कार्यों पर कटाक्ष और राजनीति नहीं करनी चाहिए। सेना के ऐसे ऑपरेशनों के प्रूफ मांगना घटिया हरकतें होती हैं।
पूर्व सैनिक लीग के प्रदेशाध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री मेजर विजय सिंह मनकोटिया ने कहा कि पुलवामा आतंकी हमले में देश को मिले जख्मों पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मरहम लगाया है।
पाकिस्तान में आतंकी ठिकानों पर हुई कार्रवाई का यदि पाकिस्तान जवाब देता है तो भारत को पीछे नहीं हटना चाहिए। पुलवामा हमला पाकिस्तान के पाले हुए आतंकियों की पहली हिमाकत नहीं थी।
इससे पहले भी भारत पर हुए कई आतंकी हमलों से पाकिस्तान के तार जुड़े हैं। पुलवामा आतंकी हमले से देश के लोगों में रोष पैदा हुआ था। इस रोष को शांत करने के लिए ऐसी ही कार्रवाई की जरूरत थी।