हमीरपुर। पशुपालन विभाग सितंबर में जिले के हमीरपुर, सुजानपुर और नादौन ब्लॉक से मुर्गों के करीब 65 सैंपल जांच के लिए जालंधर स्थित प्रयोगशाला में भेजेगा। विभाग ने वार्षिक निगरानी अभियान के तहत इन तीनों ब्लॉकों का चयन किया है।
चयनित क्षेत्रों से सैंपल एकत्र कर जांच कराई जाएगी, ताकि मुर्गों में संक्रामक बीमारियों की समय रहते पहचान हो सके। जांच रिपोर्ट के आधार पर पोल्ट्री की स्वास्थ्य स्थिति का आकलन किया जाएगा। संक्रमण के संकेत मिलने पर विभाग आवश्यक नियंत्रण एवं रोकथाम के उपाय करेगा।
पशुपालन विभाग के उपनिदेशक डॉ. सतीश कपूर ने बताया कि यह अभियान हर वर्ष चलाया जाता है और अलग-अलग ब्लॉकों से सैंपल लेकर जांच के लिए भेजे जाते हैं। उन्होंने पोल्ट्री संचालकों से फार्म में साफ-सफाई बनाए रखने और मुर्गों में किसी भी असामान्य लक्षण की सूचना तुरंत विभाग को देने की अपील की।