एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया के विशेषज्ञों की चार सदस्यीय टीम ने चंडीगढ़ में प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के साथ बैठक की। उन्हें हवाई अड्डे की स्थापना के लिए मंडी जिले में सरकार की ओर से चिह्नित पांच विभिन्न स्थलों के लिए सर्वे के दौरान एकत्रित डाटा का फीडबैक दिया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सामरिक दृष्टि से भी मंडी में अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के निर्माण की आवश्यकता है, क्योंकि प्रदेश की सीमाएं चीन से सटी हैं। टीम का नेतृत्व कर रहे भारतीय हवाई अड्डा प्राधिकरण के वरिष्ठ अधिकारी विनोद पुनियाल ने सीएम को बताया कि टीम
की ओर से एकत्रित डाटा का दिल्ली में जाकर आकलन किया जाएगा और 15 दिनों के भीतर टीम अपनी रिपोर्ट प्रदेश सरकार को सौंपकर तकनीकी मापदंडों को पूरा करने वाले स्थल की अनुशंसा करेगी।
टीम ने जिन स्थलों का पूर्व व्यवहार्यता सर्वेक्षण किया है, उनमें बल्ह उपमंडल का नेरढांगु, पधर उपमंडल का घोघराधार, बासाधार, गोहर उपमंडल का मोवीसेरी और सदर मंडी का नंदगढ़ स्थल शामिल हैं।