बोले, पर्यटन सीजन में छीन लिया जाता है उनका हक
अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। पर्यटन सीजन में होने वाले समर फेस्टिवल के दौरान रिज मैदान पर लगने वाले खाद्य पदार्थों और अन्य स्टॉलों का शहर के कारोबारियों और व्यापार मंडल ने विरोध किया है।
कारोबारियों का कहना है कि पूरे साल में यह मौका होता है जब कारोबारी कुछ कमाई करते हैं लेकिन हर साल बाहरी लोगों की दुकानें सजाकर उनका हक छीन लिया जाता है। कारोबारियों का कहना है कि समर फेस्टिवल के लिए लगने वाले इन स्टाॅलों में हिमाचली और स्थानीय स्वयं सहायता समूहों द्वारा तैयार किए उत्पादों के स्टॉल का विरोध नहीं करेंगे। लेकिन बाहरी राज्यों के व्यापारियों को यहां बाजार में पहले से उपलब्ध खाद्य सामग्री, कपड़ों और अन्य उत्पादों के स्टॉल लगाने की अनुमति न दें। शिमला समर फेस्टिवल इस बार 8 जून से शुरू होगा। कारोबारियों का कहना है कि इससे सीधे तौर पर उनका कारोबार प्रभावित होता है, एक सप्ताह तक होने वाले इस फेस्टिवल से उनके कारोबार को कोई लाभ नहीं मिलता। पर्यटक मालरोड या लोअर बाजार तक नहीं पहुंच पाते, इससे उनका कारोबार फेस्टिवल में भी मंदा रहता है। रिज, मालरोड पर सजने वाले इन बाजारों में बहुत कम सामान ऐसा होता है, जो शिमला के बाजार में उपलब्ध नहीं है। ऐसे में स्थानीय कारोबारियों की बिक्री प्रभावित होती है। सालों से इस तरह सजने वाली इन मार्केट से लोअर बाजार, मिडल बाजार और मालरोड तक के कारोबारियों को लाखों के स्टॉल लेकर अपने उत्पादों को वहां बेचने पर मजबूर होना पड़ रहा है।
कारोबारियों का कहना है कि शिमला समर फेस्टिवल हमारा अपना पर्यटन सीजन में आयोजित किया जाने वाला फेस्टिवल है, इसमें स्थानीय कारोबारी हर तरह से प्रशासन का सहयोग भी करते हैं, इसके बावजूद उनके कारोबार को इस फेस्टिवल का लाभ नहीं मिल पाता। कारोबारी समर फेस्टिवल की तैयारियों और इसमें लगने वाले स्टॉल के आवंटन की प्रक्रिया तय होने से पहले जिला प्रशासन, उपायुक्त शिमला के समक्ष इस मामले को उठाएगा।
फेस्टिवल से कारोबारियों को नहीं होता लाभ : ठाकुर
व्यापार मंडल के अध्यक्ष संजीव ठाकुर ने कहा कि अपने ही समर फेस्टिवल में शिमला के कारोबारियों कोई लाभ नहीं मिलता। कारोबारियों को दुकानें होने के बावजूद एक-एक लाख के स्टाॅल लेकर रिज और मालरोड पर कारोबार करने को मजबूर होना पड़ता है। जिला प्रशासन इस बार उपलब्ध उत्पादों के स्टॉल आवंटित न करें। इस मांग को जिला प्रशासन के समक्ष प्रमुखता से उठाएंगे।