मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर सोमवार को जिला मंडी के बगस्याड़ स्कूल से ‘अखंड शिक्षा ज्योति मेरे स्कूल से निकले मोती’ योजना का शुभारंभ करेंगे। शिक्षा मंत्री सुरेश भारद्वाज भी इस अवसर पर मौजूद रहेंगे। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने बगस्याड़ स्कूल से शिक्षा प्राप्त की है।
ऐसे में इस स्कूल को योजना के शुभारंभ के लिए चुना गया है। योजना के तहत सरकारी स्कूलों से पढ़े और वर्तमान गौरवमयी स्थान पर पहुंचे लोगों को स्कूलों में बुलाकर सम्मानित किया जाएगा। ये लोग स्कूली बच्चों और अभिभावकों से संवाद भी करेंगे। भविष्य में सभी मंत्री, सांसद और विधायक भी अपने स्कूलों में जाकर योजना की शुरुआत करेंगे।
दस अक्तूबर को सम्मानित किए जाएंगे निजी कंपनियों के सीईओ
‘अखंड शिक्षा ज्योति मेरे स्कूल से निकले मोती’ योजना के तहत प्रदेश सरकार दस अक्तूबर को सरकारी स्कूलों में पढ़े और वर्तमान में निजी कंपनियों में बड़े ओहदों पर पहुंच चुके अधिकारियों को सम्मानित करेगी।
शिमला में आयोजित होने वाले कार्यक्रम में डॉ. हिमेश शर्मा, रजनीश जमवाल, नितिन शर्मा, गौरव शर्मा, वरुण भारद्वाज, विशाल बतरा, मनीष चौधरी, विवेक अग्रवाल, नीरज जोशी, राहुल मोहन और डॉ. ओपी सिंह को सम्मानित किया जाएगा।