नगर निगम आयुक्त भूपेंद्र अत्री की अध्यक्षता में हुई बैैठक
सबसे पहले बसाए जाएंगे पुराने तहबाजारी, पंजीकरण जल्द अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। राजधानी के लोअर बाजार और मिडल बाजार में सड़कों-रास्तों पर दुकानें सजाने वाले सभी पुराने तहबाजारी जल्द शिफ्ट किए जाएंगे। इनके लिए नगर निगम आजीविका भवन के टैरेस पर अस्थायी स्टॉल बनाने जा रहा है। स्टॉल आवंटित करने के लिए पंजीकरण प्रक्रिया शुरू करने का भी फैसला लिया है।
अभी सिर्फ पुराने तहबाजारियों का ही पंजीकरण कर उन्हें पहचान पत्र जारी करने का फैसला लिया है। नए आवेदनों पर दो माह बाद फैसला लिया जाएगा। नगर निगम कार्यालय में मंगलवार को आयुक्त भूपेंद्र अत्री की अध्यक्षता में हुई टाउन वेडिंग कमेटी की बैठक में तहबाजारियों से जुड़े मामलों पर लंबी चर्चा हुई। निगम प्रशासन ने कहा कि लोअर बाजार नो वेंडिंग जोन घोषित किया है। लक्कड़ बाजार में भी रीगल के सामने कोई तहबाजारी नहीं बैठेगा। इन्हें नए स्थानों पर शिफ्ट किया जाएगा। आजीविका भवन समेत कई नए स्थान तहबाजारियों को आवंटित किए जा रहे हैं। कुछ सदस्य बोले कि निगम आजीविका भवन के टैरेस पर तहबाजारियों को जगह देने जा रहा है। लेकिन यहां खुले में वह कैसे दुकानें लगाएंगे। निगम आयुक्त ने कहा कि यहां अस्थाई स्टॉल बनाकर दिए जाएंगे। कमेटी ने फैसला लिया कि शहर में करीब 750 पुराने तहबाजारी हैं। सबसे पहले इनका पंजीकरण किया जाएगा। निगम प्रशासन ने कहा कि इस पंजीकरण के लिए साफ्टवेयर तैयार किया गया है। तहबाजारी निगम आकर या खुद भी आनलाइन आवेदन कर सकते हैं। निगम के पास हाल ही में जो नए आवेदन आए हैं, उन पर दो माह बाद फिर बैठक बुलाकर फैसला लिया जाएगा।
हर आवेदन की होगी जांच, सबलेटिंग होगी रद्द
पंजीकरण प्रक्रिया के दौरान हर तहबाजारी के पहचान पत्र जांचे जाएंगे। यदि किसी तहबाजारी ने अपनी जगह सबलेट कर दी है तो उसका पंजीकरण रद्द किया जाएगा। नौकरी लगने, शहर छोड़कर जा चुके तहबाजारी भी सूची से बाहर होंगे। निगम लक्कड़ बाजार समेत अन्य नए स्थान भी तहबाजारियों के लिए चिह्नित करने जा रहा है। बैठक में पुलिस प्रशासन को भी शहर में बैठ रहे अवैध तहबाजारियों पर कार्रवाई करने के लिए कहा गया। सदस्यों ने कहा कि निगम रविवार समेत अन्य दिनों में चंद समय के लिए दुकानें सजाने के लिए शिमला आने वाले तहबाजारियों पर कार्रवाई करे।