चौड़ा मैदान के इंडोर स्टेडियम में एंटी ड्रग्स बैडमिंटन प्रतियोगिता में दिखाया दमखम
पुरुष वर्ग में 40 और महिला वर्ग में 8 खिलाड़ियों ने लिया भाग
संवाद न्यूज एजेंसी
शिमला। राजधानी के चौड़ा मैदान स्थित इंडोर स्टेडियम में एंटी ड्रग्स बैडमिंटन प्रतियोगिता रविवार को संपन्न हुई। प्रतियोगिता में पुरुष वर्ग में एडीए मनोज शर्मा मंजीत को हराकर चैंपियन बने। वहीं महिला वर्ग में पूजा ने तनुजा को हराकर खिताब अपने नाम किया। प्रतियोगिता में पुरुष वर्ग में 40 और महिला वर्ग में आठ खिलाड़ियों ने भाग लिया। आयोजकों के अनुसार नशे के खिलाफ संदेश देने के लिए दो दिवसीय बैडमिंटन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसमें अभियोजन विभाग, पुलिस विभाग और अधिवक्ताओं ने भाग लिया।
प्रतियोगिता में सिंगल और डबल्स के मुकाबले खेले गए। सिंगल में मनोज शर्मा और पूजा विजेता बने। वहीं पुरुष डबल्स में अमित-पिंटू की जोड़ी ने खिताब अपने नाम किया। महिला वर्ग में पूजा-अक्षिता की जोड़ी ने ऐश्वर्या-विजयलक्ष्मी की जोड़ी को मात दी। मनोज शर्मा ने बताया कि प्रतियोगिता का उद्देश्य खेलों के माध्यम से युवाओं को नशे से दूर रहने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना था। प्रतियोगिता के समापन पर अभियोजन विभाग के निदेशक संजीव कटोच ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। उन्होंने विजेता खिलाड़ियों को ट्रॉफी और नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया। उन्होंने आयोजकों के प्रयासों की सराहना की। इस दौरान विशिष्ट अतिथि के रूप में महेंद्र चौधरी, अनुज गुप्ता और रोहित शर्मा मौजूद रहे।