शिमला। प्रदेश की कराटे टीम ने इंडिपेंडेंस कप में शानदार प्रदर्शन करते हुए चार पदक जीते हैं। इनमें एक स्वर्ण और तीन कांस्य पदक शामिल हैं। शिकागोन गोजूरियू बॉडी के प्रधान महासचिव पीएस पंवार ने बताया कि 20वें इंडिपेंडेंस कप का आयोजन दिल्ली के लालकुआं स्थित तालकटोरा इंडोर स्टेडियम में हुआ। प्रतियोगिता में हिमाचल प्रदेश की टीम ने शानदार प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में नौ खिलाड़ियों ने हिमाचल की टीम का प्रतिनिधित्व किया, जिनमें से चार खिलाड़ियों ने पदक अपने नाम किए। आसविक देशटा ने स्वर्ण पदक, आदित्य मेहता, आदविक शर्मा और ऐनवैशा भंडारी ने कांस्य पदक जीते हैं। कराटे इंडिया ऑर्गेनाइजेशन की ओर से आयोजित इस अखिल भारतीय प्रतियोगिता में देशभर से करीब 2,500 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। पीएस पंवार ने पदक विजेता खिलाड़ियों, टीम मैनेजर दिनेश ठाकुर और टीम कोच ध्रुव प्रताप सिंह पंवार को बधाई दी। उन्होंने खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए आगामी प्रतियोगिताओं में भी बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद जताई। संवाद