जिला उच्च शिक्षा विभाग ने सभी स्कूलों के लिए जारी किए निर्देश
आदेशों की पालना जांचने के लिए गठित होंगी निरीक्षण टीमें
पाठ्यपुस्तकों से पढ़ाई पर जोर, घट रही है उत्तर लिखने की क्षमता
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। जिले के स्कूलों में विद्यार्थियों के पास गाइड या कुंजी मिलने पर संबंधित शिक्षकों की जवाबदेही तय होगी। उच्च शिक्षा विभाग ने गाइड-कुंजी के इस्तेमाल पर रोक लगाने के लिए सभी स्कूल मुखियाओं को सख्त निर्देश जारी किए हैं। आदेशों की पालना सुनिश्चित करने के लिए विशेष टीमें गठित कर स्कूलों का औचक निरीक्षण किया जाएगा।
विभाग ने स्कूल प्रमुखों को निर्देश दिए हैं कि वे अपने संस्थानों में निगरानी रखें और विद्यार्थियों को निर्धारित पाठ्यपुस्तकों से पढ़ाई करने के लिए प्रेरित करें। शिक्षकों को विषयों की बेहतर समझ विकसित करने और विद्यार्थियों में मौलिक सोच को बढ़ावा देने पर जोर देने को कहा गया है।
तैयार उत्तरों पर निर्भरता से प्रभावित होती है समझ
गाइड-कुंजी में दिए गए तैयार उत्तरों पर निर्भरता से विद्यार्थियों की पठन-पाठन क्षमता और मौलिक सोच प्रभावित होती है। कई विद्यार्थी विषयों को गहराई से समझने और स्वयं उत्तर तैयार करने के बजाय गाइड पर निर्भर हो जाते हैं।
कोट
विभाग ने गाइड-कुंजी के इस्तेमाल पर रोक लगाने के निर्देश जारी किए हैं। जल्द ही स्कूलों में औचक निरीक्षण शुरू किए जाएंगे। विभाग का उद्देश्य विद्यार्थियों को निर्धारित पाठ्यपुस्तकों से पढ़ाई करने के लिए प्रोत्साहित करना और गाइड-कुंजी पर उनकी निर्भरता कम करना है। - मधु जनारथा, उपनिदेशक, उच्च शिक्षा