राष्ट्रीय वरिष्ठ महिला हैंडबाल प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए हिमाचल की 16 सदस्यीय टीम बुधवार को रवाना हो गई। 51वीं राष्ट्रीय प्रतियोगिता आंध्र प्रदेश के नांदियाल में 26 से 30 नवंबर तक होगी। ऊना की ज्योति को टीम का कप्तान बनाया गया है। मंडी की जागृति को उपकप्तान की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसके अलावा टीम में कुल्लू की नेहा, सपना, मंडी की अवंतिका, मोनिका और नेहा, शिमला की शिवानी, ऊना की मनिषा और मानसी, बिलासपुर की काजल, आंचल, पलक, दिव्या, प्रांजल और वंदना को टीम में शामिल है।
प्रशिक्षक के रूप में ऊना के हरिओम और कुल्लू की पूनम कृष्ण रवाना हुए। टीम को रवाना करने से पहले खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाने के लिए जिला खेल अधिकारी रवि शंकर मौजूद रहे। जिला नियंत्रक, खाद्य एवं आपूर्ति बिजेंदर पठानिया ने टीम को शुभकामनाएं देकर रवाना किया। इस अवसर पर संघ के वरिष्ठ उपाध्यक्ष आशीष ढिल्लो, प्रदेश हैंडबाल संघ की तकनीकी समिति के अध्यक्ष डॉ. प्रवेश मोंटी शर्मा मौजूद रहे।