कांगड़ा जिले में बढ़ रहे स्वाइन फ्लू के मामलों को लेकर हिमाचल के शक्तिपीठों में स्वास्थ्य विभाग की टीमें भेजने के सरकार के आदेशों पर जिला स्वास्थ्य विभाग अमल नहीं कर रहा है। सरकार के तीन दिन पहले जारी आदेशों की हकीकत जब अमर उजाला की टीम ने ज्वालाजी, चामुंडा और कांगड़ा मंदिरों में जानी तो महकमे की पोल खुल गई।
तीनों शक्तिपीठों में स्वास्थ्य विभाग की कोई भी टीम स्वाइन फ्लू को लेकर निगरानी एवं जांच करने के लिए नहीं भेजी गई थी। तीनों शक्तिपीठों में रोजाना हजारों की संख्या में बाहरी राज्यों से श्रद्धालु आते हैं। कहीं कोई श्रद्धालु बाहरी राज्य से स्वाइन फ्लू का वायरस लाकर हिमाचल में न फैला दे, इसको लेकर दो दिन पहले सरकार ने सभी शक्तिपीठों में स्वास्थ्य विभाग की टीमें भेजने के आदेश जारी किए थे लेकिन इस पर अभी तक कोई अमल नहीं हुआ।
ज्वालाजी के मंदिर अधिकारी देवी राम ने बताया कि स्वाइन फ्लू से निपटने के लिए अभी तक मंदिर में स्वास्थ्य विभाग की कोई भी टीम नहीं भेजी गई है। हालांकि, खंड चिकित्सा अधिकारी डा. विवेक सूद ने बताया कि सिविल अस्पताल ज्वालामुखी में स्वाइन फ्लू की दवाई पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है।
वहीं, चामुंडा और कांगड़ा मंदिरों में भी जब पड़ताल की गई तो यहां भी स्वाइन फ्लू की जांच को कोई भी टीम स्वास्थ्य विभाग ने नहीं भेजी थी। हालांकि, सीएमओ बीएम गुप्ता ने बताया कि शक्तिपीठों में स्वास्थ्य विभाग की टीमें नहीं जाएंगी। मंदिर प्रशासन को कहा गया है कि वे मरीज को खुद अस्पतालों में भेजें।