जब देर सायं तक बात न हो सकी तो गुमशुदगी की शिकायत दर्ज करवाई गई। पुलिस शाम से ही उसे ढूंढ रही थी। इसी दौरान पुलिस को पता चला कि घटनास्थल से करीब छह किलोमीटर दूर बलेटा गांव में कुछ युवकों का झगड़ा हुआ था और वहां खून गिरा हुआ पाया गया। शव मिलने वाले स्थल से करीब तीन किलोमीटर दूर बढ़ेड़ा गांव में बाइक नाले में गिरी हुई मिली।
यहीं जंगल में युवक के विवाह के कार्ड किसी ने फाड़ कर फेंके थे। उन्हें भी बरामद किया गया है। इसके बाद पुलिस ने डॉग स्क्वायड मंगवा कर छानबीन आरंभ की तो शव डीएवी स्कूल कांगू के पास लाहड़ी गांव में सड़क किनारे झाड़ियों में खून से लथपथ मिला। मृतक के सिर पर गहरे घाव पाए गए हैं। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
अब पुलिस इन कड़ियों को जोड़ने में जुट गई है। पुलिस अधीक्षक अर्जित सेन ठाकुर ने बताया कि पुलिस ने शव और बाइक को अपने कब्जे में लिया है। कुछ लोगों से इस बारे में पूछताछ की जा रही है। मौके पर साक्ष्य जुटाए गए हैं। वहीं शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।