कोरोना महामारी के बाद सरकारी स्कूल खुल गए हैं। लेकिन, कई शिक्षकों का मन अभी भी स्कूल आने का नहीं है। ऐसा खुलासा चंबा में स्कूलों के औचक निरीक्षण के दौरान निरीक्षण विंग की टीम ने किया। जानकारी के मुताबिक सबसे पहले निरीक्षण विंग की टीम शुक्रवार सुबह वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल बतोट पहुंची। यहां प्रधानाचार्य समेत टीजीटी मेडिकल, ड्राइंग मास्टर, प्रवक्ता, क्लर्क और एक चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी अनुपस्थित पाए गए। प्रधानाचार्य 17 फरवरी के बाद स्कूल नहीं आए थे और छुट्टी भी मंजूर नहीं करवाई थी। जबकि चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी भी 15 फरवरी दोपहर बाद से स्कूल नहीं आया। इसके बाद टीम प्राइमरी स्कूल बतोट पहुंची, जहां दोनों जेबीटी शिक्षक नदारद पाए गए। एक जेबीटी अध्यापक 15 फरवरी और दूसरा 16 फरवरी दोपहर बाद से स्कूल नहीं पहुंचा।