दो जिंदगियां बचाने के लिए धावक सुनील शर्मा की मेहनत रंग ला रही है। नाहन के तालों गांव निवासी धनवीर और ऊना की डिंपल के लिए सुनील एक उम्मीद बनकर आए। किडनी ट्रांसप्लांट को धन जुटा रहे धावक सुनील अब तक सवा तीन लाख रुपये जुटा चुके हैं। अभी भी मुहिम जारी है। इस मुहिम से अब मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह भी जुड़ गए हैं।
धनवीर के किडनी ट्रांसप्लांट को सीएम ने मुख्यमंत्री राहत कोष से पौने तीन लाख रुपये पीजीआई चंडीगढ़ भेजे हैं। इस तरह अभी तक करीब छह लाख रुपये की राशि जुटा ली गई है। सुनील ने ऊना की डिंपल की जिंदगी बचाने के लिए भी मुहिम चला रखी है। उन्होंने जुटाए गए तीन लाख रुपये में से डेढ़-डेढ़ लाख रुपये की राशि दोनों रोगियों को मुहैया करवा दी है।
चंदे से एकत्रित हुई 10 प्रतिशत राशि जिला रेडक्रॉस सोसायटी को भी दी जानी है। उल्लेखनीय है कि नाहन के तालों निवासी धनवीर सिंह और ऊना की डिंपल की दोनों किडनी फेल हैं। सुनील ने लोगों से चंदा जुटाकर करीब सवा तीन लाख रुपये एकत्रित किए हैं। वहीं,
सीएम वीरभद्र सिंह ने भी मुख्यमंत्री राहत कोष से पौने तीन लाख रुपये धनवीर के किडनी ट्रांसप्लांट को दिए हैं। धावक सुनील ने बताया कि मुख्यमंत्री राहत कोष से धनवीर के ऑपरेशन के लिए पौने तीन लाख रुपये की राशि जारी हो गई है। उनका अभियान जारी है। दो जिंदगियां बचाने को सवा तीन लाख रुपये का दान जुटा लिया गया है।