जुन्गा (शिमला)। भाजपा के जिला प्रवक्ता जितेंद्र भोटका ने कहा कि वर्तमान सुक्खू सरकार आपदा का बहाना बनाकर पंचायत चुनाव करवाने से भाग रही है। यह प्रदेश की जनता के साथ खिलवाड़ है। उन्होंने कहा कि वर्तमान में प्रदेश में स्थिति काफी सामान्य हो चुकी है और लोग पंचायत चुनाव का इंतजार कर रहे हैं। बरसात के चार महीने खत्म होने के बावजूद भी यदि प्रदेश में सरकार को आपदा की स्थिति लगती है तो वह भी सरकार की लापरवाही है कि अभी तक ग्रामीण क्षेत्रों की सड़कें और पेयजल योजनाएं दुरूस्त नहीं करवा सकी है। जितेंद्र भोटका ने कहा कि सुक्खू सरकार बीते तीन सालों से झूठे वायदे करके लोगों को गुमराह कर रही है। वर्ष 2023 में प्रदेश में आई आपदा के लिए सुक्खू सरकार ने 4500 करोड़ के पैकेज की घोषणा की थी। अब तक केवल 280 करोड़ व्यय किए हैं। उन्होंने कहा कि एक तरफ सुक्खू सरकार खजाना खाली होने का हर जगह ढोल पीट रही है और दूसरी ओर 11 दिसंबर को मंडी में तीन वर्ष का जश्न मनाने पर करोड़ों रुपये खर्च करने जा रही है।