दिवाली पर हिमाचल के साढे़ अठारह लाख राशनकार्ड परिवारों को चीनी का डबल कोटा मिल सकता है। खाद्य नागरिक एवं उपभोक्ता मामले विभाग से इसको लेकर चर्चा चल रही है। हिमाचल में राशनकार्ड उपभोक्ताओं को पहले भी दिवाली पर चीनी का डबल कोटा दिया जाता रहा है। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर की अध्यक्षता में मंत्रिमंडल की बैठक सोमवार को होगी।
इसमें विभिन्न विभागों में रिक्तियां भरने समेत कई अन्य निर्णय भी हो सकते हैं। कर्मचारियों को डीए और अन्य आर्थिक लाभ देने पर भी निर्णय हो सकता है। केंद्र सरकार ने हिमाचल को चीनी देना बंद कर दिया है। प्रदेश सरकार अपने स्तर पर उपभोक्ताओं को डिपो में सस्ती चीनी उपलब्ध करा रही है। प्रदेश में राशनकार्ड के प्रति उपभोक्ताओं को 600 ग्राम चीनी उपलब्ध करा रही है।
चीनी का डबल कोटा होने पर यह एक किलो दो सौ ग्राम होगी। हालांकि, सरकार का मानना है कि कोटा डबल देने में कोई औपचारिकताएं पूरी नहीं करनी हैं। हरियाणा सरकार की नोडल एजेंसी को सप्लाई ऑर्डर जारी करना होता है। टेंडर प्रक्रिया को सरकार ने पहले ही खत्म कर दिया है।
खाद्य नागरिक एवं उपभोक्ता मामले विभाग से विचार-विमर्श चल रहा है। सरकार ने टेंडर की प्रक्रिया को खत्म किया है, अगर डबल कोटा देने पर विचार बनता है तो सिर्फ सप्लाई ऑर्डर करना है।
- किशन कपूर, खाद्य आपूर्ति एवं उपभोक्ता मंत्री