सिम नंबर को आधार से जोड़ने पर उपभोक्ताओं को मोटी चपत लग रही है। इस तरह का मामला हिमाचल के जिला हमीरपुर में सामने आया है। मनरेगा मजदूरों की दिहाड़ी, आशा वर्कर्स और गैस की सब्सिडी राशि उपभोक्ता की बिना अनुमति के एक मोबाइल कंपनी के अकाउंट में ट्रांसफर होने की शिकायतें मिली हैं।
कंपनी ने अपने मोबाइल उपभोक्ताओं के सिम आधार नंबर से लिंक करने का कार्य शुरू किया है। सिम कार्ड को आधार से लिंक करते ही लोगों को सरकार की तरफ से होने वाले कई तरह के वित्तीय भुगतान कंपनी के खाते में जा रहे हैं।
जिला हमीरपुर में इस तरह की दर्जनों शिकायतें बीडीओ कार्यालय, परियोजना निदेशक ग्रामीण विकास विभाग और जिला स्वास्थ्य विभाग के पास पहुंची हैं। शिकायत मिलने पर एडीएम हमीरपुर ने कंपनी के प्रतिनिधि को कार्यालय में बुलाया।