100 मीटर दौड़ में एलकेजी के लियान और रिहू रहे अव्वल
संवादन न्यूज एजेंसी
शिमला। राजधानी के शिशु शिक्षा निकेतन सीनियर सेकेंडरी स्कूल टुटू में शनिवार को वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में स्कूल के चारों हाउस के छात्रों ने विभिन्न स्पर्धाओं में दमखम दिखाया।
खेलकूद प्रतियोगिता का शुभारंभ प्रधानाचार्य दीपिका सूद ने दीप प्रज्ज्वलित करने के साथ खेल ध्वज फहराकर किया। स्कूल प्रबंधन के अनुसार प्रतियोगिता के दौरान 100 मीटर दौड़, लक्ष्य भेद, नींबू दौड़, तीन टांग दौड़, सुई-धागा दौड़, एक पैर दौड़ और रस्साकशी सहित विभिन्न खेल प्रतियोगिताएं करवाई गईं। विद्यार्थियों ने पूरे दिन जोश और उत्साह के साथ विभिन्न स्पर्धाओं में भाग लिया। 100 मीटर दौड़ में एलकेजी वर्ग में लियान और रिहू, यूकेजी में लाक्षिता और लियान, कक्षा पहली-दूसरी में यशश्री और राजीव, कक्षा तीसरी-पांचवीं में रेयांश, लक्की, इनायत, आर्यव और जितेन सहित अन्य विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
रस्साकशी प्रतियोगिता में सुभाष हाउस ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। प्रतियोगिता के समापन पर प्रधानाचार्य दीपिका सूद ने विजेता विद्यार्थियों और सभी प्रतिभागियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि खेल विद्यार्थियों के शारीरिक विकास के साथ उनमें अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। ं