ऐतिहासिक गेयटी थिएटर में स्वतंत्रता सैनानी सुभद्रा चौहान के हौंसले की कहानी लोगों में नया जोश भर गई। भाषा एवं संस्कृति विभाग की ओर से शनिवार को गेयटी थिएटर में आयोजित राज्य स्तरीय नाट्य समारोह हिम रंग महोत्सव के दूसरे दिन सुभद्रा नाटक का मंचन किया गया।
नाटक की कहानी सुभद्रा चौहान की जीवनी पर आधारित है। सुभद्रा चौहान पहली स्वतंत्रता सैनानी रही है। इस नाटक में दिखाया गया कि आखिर किन किन मुसीबतों को झेलते हुए वह आगे बढ़ी थी।
नारी सशक्तिकरण थीम पर आधारित इस नाटक में दिखाया गया है कि एक महिला पहले बेटी, बहन, पत्नी और मां की भूमिका में होती है। फिर वही एक सत्याग्रही, समाज सेविका और राजनीतिज्ञ भी बन जाती है। नाटक के निर्देशक संजीव कुमार अरोड़ा ने कहा कि सुभद्रा चौहान की जीवनी समाज में सभी लोगों के लिए एक मिसाल है।