शिमला। इंदिरा गांधी खेल परिसर शिमला में स्कूल, कॉलेज और विश्वविद्यालय के विद्यार्थी कराटे का प्रशिक्षण ले रहे हैं। दोपहर 12 बजे से शुरू होने वाले इस प्रशिक्षण में 100 से अधिक विद्यार्थी हिस्सा ले रहे हैं। सर्दियों की छुट्टियों में हर साल शहरभर से सैकड़ों विद्यार्थी खेल गतिविधियों का प्रशिक्षण लेने के लिए खेल परिसर आते हैं। कराटे के कोच अजय ने बताया कि इस बार सबसे अधिक विद्यार्थी कराटे का प्रशिक्षण ले रहे हैं। इसके अलावा विद्यार्थी शूटिंग, जिम, बैडमिंटन, कराटे, जूडो, बॉक्सिंग, वाॅलीबाल और टेबल टेनिस सहित अन्य खेलों का प्रशिक्षण भी ले रहे हैं। अभी अधिकतर स्कूलों में परीक्षाएं चली हुई हैं। ऐसे में इन विद्यार्थियों को अगले महीने एक जनवरी से दोबारा पंजीकरण करवाने का मौका दिया जाएगा। संवाद