शिमला। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल छोटा शिमला के बुधवार को आयोजित वार्षिक उत्सव में बच्चों ने शानदार प्रस्तुतियां दीं। नगर निगम महापौर सुरेंद्र चौहान ने कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। कार्यक्रम की शुरुआत दीप जलाकर की गई। इसके बाद विद्यार्थियों ने रंगारंग प्रस्तुतियां दीं। इसमें पहाड़ी नाटी और घूमर डांस आकर्षण का केंद्र रहे। इसके अलावा रंगीलो म्हारो ढोलना राजस्थानी डांस, गिद्दा, पंजाबी डांस और इंस्ट्रूमेंटल म्यूजिक की प्रस्तुतियां दीं। प्रधानाचार्या सुमन पटियाल ने वार्षिक रिपोर्ट पढ़ी। मंच संचालन हिंदी की अध्यापिका आशा नेगी और गणित की अध्यापिका वारिज कौशल ने किया। इस अवसर पर सीमा चौहान, बैनमोर की पार्षद शीनम कटारिया, विशाखा, समाज सेविका चेतना सपरा और संजय ठाकुर सहित अन्य शिक्षक मौजूद रहे। संवाद