शिमला। राजकीय उत्कृष्ट वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय छोटा शिमला में शनिवार को आपदा प्रबंधन जागरूकता कार्यक्रम एवं मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों और शिक्षकों को प्राकृतिक और मानव जनित आपदाओं के दौरान सुरक्षित रहने तथा त्वरित बचाव के उपायों की जानकारी देना रहा। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रधानाचार्य विद्या बांश्टु ने की। राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण से डॉ. कृष्णन ने भूकंप, आगजनी सहित विभिन्न आपदाओं के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों, प्राथमिक उपचार और सुरक्षित निकासी की प्रक्रिया की जानकारी दी। इस दौरान एनके वर्मा, फायर अधिकारी राजिंदर चौधरी, भगत राम ठाकुर और होम ठाकुर ने विद्यार्थियों को आग लगने, भूकंप तथा अन्य आपात स्थितियों में बचाव एवं राहत कार्यों का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया। प्रधानाचार्य विद्या बांश्टु ने कहा कि ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों में आपदा के समय सही निर्णय लेने की क्षमता विकसित करते हैं। संवाद