जुन्गा (शिमला)। सिविल अस्पताल जुन्गा में शनिवार को आशा वर्करों को बरसात में फैलने वाले रोगों की जानकारी दी। कार्यक्रम की अध्यक्षता चिकित्सा प्रभारी डॉ. मनोज वर्मा ने की। उन्होंने कहा कि आशा वर्कर केंद्र और प्रदेश सरकार की विभिन्न स्वास्थ्य योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। उन्होंने विशेष रूप से डायरिया, स्क्रब टाइफस, हैजा और अन्य संक्रामक रोगों के लक्षणों तथा बचाव के उपायों की जानकारी दी। उन्होंने लोगों को हमेशा उबला हुआ पानी पीने, कच्चे और अधिक पके हुए फलों के सेवन से बचने की सलाह दी। साथ ही पीलिया, मधुमेह, टीकाकरण, उच्च रक्तचाप और क्षयरोग (टीबी) उन्मूलन के लिए संचालित की जा रही योजनाओं की जानकारी दी। इस मौके पर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ट्राई की चिकित्सा अधिकारी डॉ. दिव्या वर्मा, डुब्लू स्वास्थ्य उपकेंद्र की सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी (सीएचओ) रानी ठाकुर सहित विभिन्न स्वास्थ्य संस्थानों से आई आशा वर्करों मौजूद रहीं। संवाद