फिलेटली दिवस पर स्कूलों में कार्यक्रम आयोजित
अंतर्देशीय पत्र लेखन स्पर्धा के विजेता बाद में होंगी घोषित
संवाद न्यूज एजेंसी शिमला। राष्ट्रीय डाक सप्ताह के तहत शहर के स्कूलों में फिलेटली दिवस का आयोजन किया गया। डाक विभाग सेवाएं के निदेशक विशन सिंह ने बताया कि राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल टुटू, लक्कड़ बाजार और ऑकलैंड हाउस स्कूल में आयोजित कार्यक्रम में विद्यार्थियों को विभाग की योजनाओं की जानकारी दी गई।
छात्रों को डाक सेवाओं के इतिहास, विकास और वर्तमान में उनकी भूमिका के बारे में जानकारी दी। इस अवसर पर चित्रकला, निबंध लेखन और प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। स्कूल स्तर पर आयोजित कार्यक्रमों के समापन पर विजेताओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया। इस अवसर पर लेखन का आनंद : डिजिटल युग में पत्रों का महत्व विषय पर अंतर्देशीय पत्र लेखन प्रतियोगिता भी हुई। इस स्पर्धा का परिणाम इस साल के अंत में घोषित किया जाएगा। इसमें प्रथम पुरस्कार 25,000, द्वितीय 10,000 और तृतीय पुरस्कार 5,000 रुपये रखा है। हिमाचल परिमंडल स्तर पर प्रत्येक श्रेणी में सर्वश्रेष्ठ तीन पत्रों का चयन किया जाएगा। इन्हें राष्ट्रीय स्तर पर मूल्यांकन के लिए डाक निदेशालय नई दिल्ली भेजा जाएगा। राष्ट्रीय स्तर पर प्रथम पुरस्कार 50,000, द्वितीय 25,000 और तृतीय पुरस्कार 10,000 रुपये रखा है। अंतर्देशीय पत्र कार्ड श्रेणी में 1,057 पत्र और लिफाफा श्रेणी में 986 पत्र प्राप्त हुए हैं।