जिला स्तरीय अंतरराष्ट्रीय मादक द्रव्य निवारण दिवस पर वीरवार को शहर के विभिन्न स्कूलों के बच्चों ने सीटीओ से लोअर बाजार होते हुए रिज मैदान तक जागरूकता रैली निकाली। नशे के दुष्परिणामों पर निकाली गई रैली को अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी डीके रत्न ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
इस दौरान स्कूली बच्चों ने नशे के खिलाफ नारे लगाए। उप महानिरीक्षक सीआईडी दिलजीत ठाकुर ने रिज मैदान में समापन समारोह की अध्यक्षता की। इस अवसर पर जिला कल्याण अधिकारी ओंकार चंद भी मौजूद रहे।
इससे पूर्व बचत भवन में आयोजित कार्यक्रम में जिला कार्यक्रम अधिकारी डॉ. मनीष सूद ने बताया कि सरकार द्वारा युवाओं की व्यक्तिगत, मानसिक व स्वास्थ्य संबंधी प्रत्येक परेशानी के निदान के लिए युवा परामर्श केंद्र स्थापित किए गए हैं।
नशे के सेवन से होने वाले दुष्परिणामों से अवगत कराने के लिए ‘यस संस्था’ द्वारा वीडियो डॉक्यूमेंटरी भी दिखाई गई। संस्था के अध्यक्ष रमन नागपाल ने नशे से संबंधित प्रश्नोत्तरी का भी आयोजन किया गया।
अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी डीके रत्न ने स्कूली छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि युवाओं को नशीले पदार्थों से दूर रखने के लिए अभिभावक व अध्यापक वर्ग को अपने दायित्व के प्रति जागरूक रहना चाहिए। कार्यक्रम में मौजूद लोगों को नशे से दूर रहने की शपथ भी दिलाई गई।
पोर्टमोर की निधि का स्लोगन सबसे बढ़िया
स्लोगन लेखन प्रतियोगिता में पोर्टमोर की निधि का स्लोगन पहले स्थान पर रहा। निधि को एक हजार रुपये इनाम दिया गया। दूसरे स्थान पर फागली स्कूल के मनीष धीमान को 500 रुपये और तीसरे स्थान पर रही पोर्टमोर स्कूल की आकृति को 300 रुपये का पुरस्कार दिया गया।
लालपानी स्कूल के योगेंद्र को नशीले पदार्थों पर भाषण के लिए 300 रुपये का पुरस्कार दिया गया। उपमहानिरीक्षक सीआईडी दिलजीत ठाकुर ने विजेता छात्र-छात्राओं को पुरस्कार दिए।