शिमला। राजधानी के ऐतिहासिक गेयटी थियेटर में शुक्रवार को संकल्प रंगमंडल शिमला की ओर से क्रोएशियाई नाटक द डॉल का मंचन किया गया। भाषा, कला एवं संस्कृति विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित यह नाटक 39 साल के एक व्यक्ति की कहानी पर आधारित है। इसकी प्रेमिका छह साल के लिव इन के बाद उसे छोड़ देती है। अकेलापन सहन न करने के चलते कुछ महीनों के बाद वह आदमी एक महिला एंड्राइड डॉल के साथ रहना शुरू कर देता है। नाटक का मूल आलेख अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त नाटककार मीरो गावरान ने लिखा है जबकि इसका रूपांतरण जयपुर के सौरभ श्रीवास्तव तथा निर्देशन उत्तर भारत के प्रसिद्ध नाट्य निर्देशक केदार ठाकुर ने किया। इसमें मुख्य भूमिका में रूपेश भीमटा और माया द डॉल की मुख्य भूमिका येशवी भारद्वाज ने निभाई। नाटक के मंचन में संगीत में रोहित कंवल, सेट डिजाइन में दीपिका राय, अनिल शर्मा, अमित रोहली और राखी ने सहयोग किया।