रिकांगपिओ (किन्नौर)। किन्नौर महोत्सव के समापन के बाद भी रिकांगपिओ में मेले की रौनक 15 नवंबर तक बरकरार रहेगी। प्रशासन ने महोत्सव के दौरान लगाई गई दुकानों को निर्धारित तिथि तक संचालित करने की अनुमति दी है। इससे स्थानीय लोगों को खरीदारी के लिए अतिरिक्त समय मिलेगा, वहीं बाहरी राज्यों से आए व्यापारियों को भी अच्छे कारोबार की उम्मीद है। पंजाब से बर्तन और लुधियाना से कपड़ों की दुकान लगाने पहुंचे व्यापारियों ने बताया कि इस वर्ष उन्हें कारोबार के लिए अच्छा समय मिला है। ग्राहकों की आवाजाही और खरीदारी से उनका व्यापार संतोषजनक चल रहा है। व्यापारियों को उम्मीद है कि शेष दिनों में भी अच्छी बिक्री होगी। वहीं, एसडीएम कल्पा प्रवीण भारद्वाज ने बताया कि दुकानदारों को 15 नवंबर तक दुकानें संचालित करने की अनुमति दी गई है। इसके बाद सभी व्यापारियों को दुकानें समेटकर रवाना होना होगा।