सरदार पटेल विश्वविद्यालय मंडी ने स्नातकोत्तर कक्षाओं के अंतिम सेमेस्टर की परीक्षाओं की फाइनल डेटशीट जारी कर दी है। एसपीयू के तहत आने वाले कॉलेजों में नौ जून से परीक्षाएं शुरू होंगी। विश्वविद्यालय ने 20 मुख्य और छह क्लब परीक्षा केंद्र बनाए हैं। परीक्षा जुलाई के शुरुआती सप्ताह तक चलेगी, जिसमें नियमित और पूरक परीक्षाओं में विद्यार्थी भाग लेंगे। छात्रों की सुविधा और विषयवार व्यवस्था के लिए परीक्षाओं को दो अलग सत्रों में विभाजित किया गया है। सुबह का सत्र प्रात: नौ बजे से शुरू होगा, जिसमें मुख्य रूप से दूसरे, चौथे, छठे और आठवें सेमेस्टर के नियमित छात्रों की परीक्षाएं होंगी।
वहीं, शाम का सत्र दोपहर दो बजे से आयोजित किया जाएगा, जिसमें पहले, तीसरे, पांचवें और सातवें सेमेस्टर के पूरक परीक्षार्थी हिस्सा लेंगे। इस परीक्षा सत्र में विश्वविद्यालय परिसर और संबद्ध कॉलेजों के विभिन्न विषयों शिक्षा स्नातक (बीएड), एमबीए, एमसीए, एमकॉम सहित विज्ञान और कला स्नातकोत्तर के छात्र परीक्षा देंगे।
परीक्षा के लिए कई राजकीय महाविद्यालयों को मुख्य परीक्षा केंद्र बनाया गया है और छात्र संख्या कम होने के कारण कुछ निजी संस्थानों को आपस में जोड़ा भी किया गया है। इस बार विश्वविद्यालय ने निजी शिक्षण संस्थानों के लिए दिशा निर्देश जारी किए हैं। इसके तहत निजी कॉलेजों में परीक्षा केंद्र बनाने के लिए संबंधित संस्थानों को 50,000 शुल्क और 18 प्रतिशत जीएसटी देना होगा। इसके अतिरिक्त, जिन निजी कॉलेजों को दूसरे केंद्रों के साथ क्लब किया गया है, उन्हें परीक्षा संचालन खर्च के रूप में 25,000 और 18 प्रतिशत जीएसटी जमा कराना होगा।
एसपीयू के तहत आने वाले कॉलेजों में नौ जून से परीक्षाएं शुरू होंगी। विश्वविद्यालय ने 20 मुख्य और छह क्लब परीक्षा केंद्र बनाए हैं। परीक्षा जुलाई के शुरुआती सप्ताह तक चलेगी।
-प्रो. सनील ठाकुर, परीक्षा नियंत्रक, सरदार पटेल विश्वविद्यालय मंडी।