रेड वन बेल्ट, कुक्कीवोन ब्लैक बेल्ट प्रमाण पत्र और टीएफआई परिचय पत्र वाले खिलाड़ी पात्र
संवाद न्यूज एजेंसी
शिमला। हिमाचल प्रदेश ताइक्वांडो एसोसिएशन की ओर से तीन दिसंबर को लिफ्ट के समीप स्थित स्काई जंपर हॉल में प्रदेश स्तरीय चैंपियनशिप का आयोजन किया जा रहा है। इसमें प्रदेश भर के केवल सीनियर पुरुष एवं महिला खिलाड़ी भाग लेंगे। प्रतियोगिता में खिलाड़ियों का शारीरिक भार सुबह 9 से 11 बजे तक तोला जाएगा। 11:30 बजे से मुकाबले शुरू होंगे। एसोसिएशन के अनुसार प्रदेश के पंजीकृत वे खिलाड़ी जिनके पास रेड वन बेल्ट, कुक्कीवोन ब्लैक बेल्ट प्रमाण पत्र और टीएफआई परिचय पत्र उपलब्ध हैं वे ही इसमें भाग ले सकते हैं। चयनित खिलाड़ियों के लिए स्टेट एसोसिएशन की ओर से ट्रेनिंग कैंप भी आयोजित किया जाएगा। इच्छुक खिलाड़ी तीन दिसंबर सुबह 9 बजे से पहले अपनी प्रविष्टियां जमा करवा सकते हैं। एसोसिएशन ने सभी जिला ताइक्वांडो इकाइयों से अधिक से अधिक खिलाड़ियों की भागीदारी सुनिश्चित करने का आग्रह किया है।
इस चैंपियनशिप के माध्यम से चयनित खिलाड़ी हिमाचल प्रदेश का प्रतिनिधित्व तेलंगाना के हैदराबाद स्थित जीएमसी बालयोगी इंडोर स्टेडियम में 12 से 14 दिसंबर तक आयोजित होने वाली 41वीं नेशनल सीनियर क्योरुगी और 14वीं नेशनल सीनियर पूमसे ताइक्वांडो चैंपियनशिप में करेंगे। यह राष्ट्रीय प्रतियोगिता ताइक्वांडो फेडरेशन ऑफ इंडिया एवं तेलंगाना ताइक्वांडो एसोसिएशन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित की जाएगी।