जन्म-जन्म का साथ है हमारा तुम्हारा... इस गाने की पंक्तियां 70 बसंत एक साथ देख चुके इस जोड़े पर बिलकुल सटीक बैठती हैं। जी हां! सुनने में यह थोड़ा अजीब लगेगा, लेकिन यह सच है। जयसिंहपुर के इस बुजुर्ग जोड़े ने शुक्रवार को अपना 70वां करवाचौथ मनाया।
जिला मंडी की तहसील सरकाघाट से आकर पंचरुखी में बसने वाले जय सिंह(102) की लंबी उम्र के लिए उसकी पत्नी कलां देवी(92)ने भी करवाचौथ का व्रत रखा। शादी के 70 बसंत साथ-साथ देखने वाले इस जोड़े में कभी भी किसी बात को लेकर मनमुटाव नहीं हुआ। आपस में प्यार से रहने वाले जय सिंह अपने जमाने में ट्रांसपोर्टर हुआ करते थे।
जय सिंह के दो बेटे बीएसएफ से सेवानिवृत्त हैं, एक बेटा बीएसएफ में सेवाएं दे रहा है। बुजुर्ग दंपति का कहना है कि उम्र के इस पड़ाव में भी वह दोनों पोते पोतियों या किसी और पर निर्भर नहीं हैं। दोनों अभी भी अपने सारे काम खुद ही करना पसंद करते हैं।