आयुर्वेदिक अस्पतालों में बुजुर्गों के लिए विशेष क्लीनिक खोले जाएंगे। केंद्र सरकार के आयुष मंत्रालय ने देश के सभी राज्यों में बुजुर्गों के लिए विशेष क्लीनिक खोलने का फैसला लिया है। ये क्लीनिक उन्हीं आयुर्वेदिक अस्पतालों में खोले जाएंगे, जहां 50 बिस्तरों की व्यवस्था होगी।
सूबे में जिन अस्पतालों में ये क्लीनिक खुलने हैं, उनमें आयुर्वेदिक कॉलेज एवं अस्पताल पपरोला, छोटा शिमला और हमीरपुर अस्पताल शामिल हैं। प्रदेश में सिर्फ इन तीन आयुर्वेदिक अस्पतालों में ही 50 या इससे अधिक बिस्तरों की सुविधा है।
इन क्लीनिकों में बुजुर्गों का आयुर्वेद पद्धति से उपचार होगा। आयुर्वेद विभाग के जिला आयुर्वेद अधिकारी डॉ. सुनित पठानिया ने कहा कि राष्ट्रीय आयुष मिशन के तहत बुजुर्गों के लिए सूबे में विशेष क्लीनिक खुल रहे हैं।