बीड़ बिलिंग घाटी और मंडी के झटिंगरी की वादियों में दो विदेशी पैराग्लाइडर उड़ान भरते वक्त दुर्घटना का शिकार हो गए। पालमपुर के बंदला की पहाड़ियों में स्पेन का पायलट तो झटिंगरी में रूस का पायलट दुर्घटनाग्रस्त हो गया।
उसके साथी पायलट ने इसकी जानकारी बीड़ में दी। गंभीर रूप से घायल पैराग्लाइडर को ग्रामीणों ने रेस्क्यू कर सुरक्षित बाहर निकाला। उसे 108 एंबुलेंस की मदद से अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। हादसा रविवार बाद दोपहर करीब दो बजे हुआ।
बाद में पायलट को बीड़ पहुंचाया गया। पायलट की रीढ़ की हड्डी में चोट आई है। बिलिंग से उड़ान भरने वाले एक अन्य पायलट स्पेन के जोश लुईस (40) के पालमपुर के बंदला की पहाड़ियों में हेलिकाप्टर से तलाश की गई, लेकिन देर शाम तक उसका पता नहीं चल सका है। जोश लुईस के बारे में उसके साथी पायलट ने सूचना दी थी, लेकिन उसके बताए गए स्थान पर तलाश करने के बावजूद उसका पता नहीं चल सका।
बचाव दल ने देर शाम को अंधेरा होने पर सर्च अभियान को फिलहाल बंद कर दिया है। उधर, एसडीएम विकास शुक्ला ने बताया कि रूस के पायलट नोरमुंडी पाकुलिस (17) को झटींगरी से सुरक्षित लाया गया है, जबकि पालमपुर के बंदला की पहाड़ियों में लापता हुए पायलट का अब तक पता नहीं चल सका है। अब सोमवार सुबह सर्च अभियान शुरू किया जाएगा।