जिले में 3,193 लाभार्थी पहली बार योजना से होंगे लाभांन्वित दीपक मेहता
शिमला। सरकार ने सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के तहत जुलाई से सितंबर तक की तिमाही की किस्त जारी कर दी है। इसमें जिले के 85,841 पेंशनरों को 33.57 करोड़ रुपये राशि की स्वीकृति मिली है।
इस तिमाही 3,193 पात्र नए लोग सामाजिक सुरक्षा पेंशन से जुड़े हैं। इसमें 2,403 लोगों को वृद्धावस्था, 500 को एकल नारी पेंशन और 289 को अपंग राहत भत्ता और एक कुष्ट रोगी पुनर्वास के तहत पेंशन प्राप्त करेगा। दूर-दराज एवं दुर्गम क्षेत्रों में डाक विभाग के माध्यम से घर द्वार पेंशन मुहैया करवाई जा रही है। सामाजिक कल्याण विभाग की ओर से सामाजिक सुरक्षा पेंशन के तहत 48,176 को वृद्धावस्था पेंशन, 15,673 को इंदिरा गांधी वृद्धावस्था पेंशन, 3,043 को विधवा पेंशन, 46 को अपंगता भत्ता, 11,500 को एकल नारी पेंशन, 7,206 को अपंग राहत भत्ता, 196 में कुष्ट रोगी भत्ता और एक ट्रांसजेंडर को पेंशन दी है।
विज्ञापन
जिला कल्याण अधिकारी केआर चौहान ने बताया कि जिले में उपायुक्त से स्वीकृति के बाद 85,841 विभिन्न पेंशन धारकों को 33 करोड़ 57 लाख 14 हजार रुपये तिमाही पेंशन के रूप में वितरित होंगे। एक हफ्ते के भीतर पेंशन खातों में जमा हो जाएगी। पेंशन धारकों को यह राशि बैंकों और डाक के माध्यम से मिलेगी। सुरक्षा पेंशन में 69 वर्ष आयु वर्ग तक के पुरुष को 1000, महिलाओं को 1,500, दिव्यांगों को 1,150 के अलावा 70 वर्ष के वृद्ध और 70 प्रतिशत एवं अधिक दिव्यांगता वाली महिलाओं एवं पुरुषों को 1700 रुपये पेंशन मिलती है। संवाद
3,193 लोगों को पहली बार मिलेगी पेंशन
जिले के करीब 3,193 लोगों को इस तिमाही पहली बार सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना मिलेगी। इसमें सुन्नी में 105, शिमला ग्रामीण में 244, शिमला शहरी में 276, रामपुर और ननखड़ी में 547, रोहड़ू में 355, ठियोग में 392, चौपाल में 297, जुब्बल में 231, चिड़गांव में 239, कोटखाई में 247 और कुमारसैन में 260 पात्र उम्मीदवारों को लाभान्वित किया है।
किस वर्ग को कितनी पेंशन
इंदिरा गांधी राष्ट्रीय वृद्धावस्था पेंशन योजना में 15,673 लोगों को 6,98,86,800 रुपये जबकि प्रदेश सरकार की वृद्धावस्था पेंशन योजना के तहत जिले में 48,176 लोगों को 20,79,50 रुपये की राशि जारी की है। इंदिरा गांधी राष्ट्रीय विधवा पेंशन योजना के तहत 3,043 पात्र महिलाओं को 1,36,85,400 रुपये, विधवा पेंशन योजना के तहत 11,500 महिलाओं को 5,21,55,450 रुपये, इंदिरा गांधी राष्ट्रीय अपंग पेंशन योजना के तहत 46 व्यक्तियों को 2,19,300 रुपये तथा अपंग राहत भत्ता के तहत 7,206 लोगों को 3,10,39,700 रुपये और कुष्ठ रोगी पुनर्वास भत्ते के तहत जिला में 196 रोगियों को 7,74,600 रुपये की राशि वितरित की गई।