कुफरी चिड़ियाघर में अब हिम तेंदुए भी दिखाई देंगे। प्रदेश वन विभाग ने केंद्रीय चिड़ियाघर प्राधिकरण से मंजूरी मिलने के बाद एक जोड़े को दार्जिलिंग से लाने की तैयारी शुरू कर दी है। अधिकारियों ने दार्जिलिंग जू के अधिकारियों से इस संबंध में पत्राचार भी शुरू कर दिया है।
विभाग का दावा है कि नए साल से सैलानियों को चिड़ियाघर में बर्फानी तेंदुए का जोड़ा देखने को मिलेगा। हिमाचल वन विभाग पिछले करीब तीन साल से कुफरी स्थित चिड़ियाघर में हिम तेंदुए रखने के लिए प्रयासरत था।
दार्जिलिंग चिड़ियाघर से मंजूरी मिलने के बाद तेंदुओं को शिफ्ट करने के लिए केंद्रीय चिड़ियाघर प्राधिकरण से अनुमति मांगी। विभिन्न तकनीकी कमियों को दूर कर मंजूरी हासिल करने में तीन साल बीत गए।
इस महीने प्रदेश वन विभाग को प्राधिकरण ने कुफरी चिड़ियाघर में हिम तेंदुए रखने और उन्हें दार्जिलिंग से लाने की अनुमति दे दी है। पीसीसीएफ वन्य जीव आरसी कंग ने बताया कि दार्जिलिंग से हिम तेंदुए का जोड़ा लाया जाएगा।