शोघी और कुफरी में की गई कार्रवाई
नियमों का उल्लंघन करने पर वसूला 1.85 लाख जुर्माना
अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। परिवहन विभाग ने शहर के आसपास के क्षेत्रों में नाकाबंदी करके रूट परमिट की अवहेलना करने पर 1.85 लाख रुपये जुर्माना वसूला है। इसमें 6 वोल्वो बसों समेत 104 वाहनों के चालान काटे गए हैं। आरटीओ शिमला अनिल कुमार शर्मा की अगुवाई में परिवहन विभाग ने यह कार्रवाई की है। जानकारी के मुताबिक विभाग को सूचना मिली थी कि कई वोल्वो बसें परमिट नियमों का उल्लंघन कर सवारियां उठा रही हैं। इसको देखते हुए विभाग की टीम ने वीरवार शाम शोघी के पास नाकाबंदी कर 6 वोल्वो बसें पकड़ीं। इस दौरान वोल्वो बसों और 60 वाहनों के चालान कर 1.25 लाख रुपये जुर्माना वसूला। विभाग को एक और सूचना मिली थी की लक्कड़ बाजार से कई वाहन रूट परमिट के बिना सवारियां रोहड़ू और चौपाल के लिए ले जा रहे हैं। इसको देखते हुए पर विभाग ने शुक्रवार को कुफरी में नाकाबंदी की। यहां करीब 44 वाहनों के चालान करके 60,000 रुपये जुर्माना वसूला है। आरटीओ शिमला अनिल कुमार शर्मा ने बताया की वाहन चालकों को रूट परमिट के मुताबिक ही काम करने की हिदायत दी गई है। आगे भी इसी तरह की कार्रवाई जारी रहेगी।