पुलिस सहायता कक्ष भोटा के तहत अग्घार गांव में मंगलवार सुबह दो गाड़ियों की जोरदार टक्कर में आठ लोग घायल हो गए हैं। इनमें से एक गंभीर घायल को पीएचसी भोटा में प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज हमीरपुर रेफर कर दिया गया है। जबकि, शेष सात लोगों को उपचार के बाद छुट्टी दे दी है। वहीं, पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामला दर्जकर छानबीन शुरू कर दी है।
मंगलवार सुबह करीब आठ बजे दो गाड़ियां अग्घार गांव के पास आपस में टकरा गईं। टक्कर इतनी जोरदार थी कि गाड़ियों के परखच्चे उड़ गए। हादसे में एक गाड़ी में सवार संतोष कुमारी (26) पत्नी विनोद कुमार, पवन कुमार (38) पुत्र कांशी राम, श्रवण कुमार (52) पुत्र तेलू राम, महेंद्र सिंह और मंजू रानी (32) पत्नी दलीप कुमार निवासी गांव गंबोह, तहसील झंडूता जिला बिलासपुर घायल हो गए। जबकि, दूसरी गाड़ी में सवार संजीव कुमार और बवीता पत्नी संजीव कुमार भी इस हादसे में घायल हो गए।
संजीव कुमार को गंभीर घायल होने पर पीएचसी भोटा में प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज हमीरपुर रेफर किया गया। सभी घायलों को 108 एंबुलेंस और लोगों के सहयोग से अस्पताल पहुंचाया गया। भोटा पीएससी की चिकित्सक डॉ. इंदु पठानिया ने कहा कि सात घायलों को उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई है। जबकि एक को मेडिकल कॉलेज हमीरपुर रेफर किया गया है। वहीं पुलिस सहायता कक्ष भोटा के प्रभारी सुखदेव का कहना है कि मामला दर्जकर छानबीन की जा रही है।