हिमाचल में स्वाइन फ्लू पांव पसारता जा रहा है। बुधवार को आईजीएमसी में 5 और सोलन में 1 और मरीज में बीमारी की पुष्टि हुई है। स्वास्थ्य विभाग ने बुखार से ग्रसित 16 मरीजों के सैंपल जुटाए। इनमें से 6 लोगों में स्वाइन फ्लू के लक्षण पाए गए हैं।
24 दिनों के भीतर विभाग ने 216 लोगों के सैंपल लिए, जिनमें से 63 लोगों में स्वाइन फ्लू की पुष्टि हुई। दिन-प्रतिदिन मरीजों का आंकड़ा बढ़ने से लोगों में बीमारी का खौफ बढ़ता जा रहा है।
स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों के मुताबिक कांगड़ा में 25, शिमला में 21, चंबा और मंडी में 4-4, सोलन में 3, बिलासपुर और ऊना में 2-2, हमीरपुर और कुल्लू में 1-1 मरीज में बीमारी की पुष्टि हुई है। हिमाचल में यह बीमारी अब तक 10 लोगों की जान ले चुकी है।
स्वास्थ्य मंत्री विपिन सिंह परमार ने कहा कि अस्पतालों में पर्याप्त दवाइयां हैं। जिला के अस्पतालों से लिए जा रहे सैंपलों की जांच इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज, राजेंद्र प्रसाद मेडिकल कॉलेज और कसौली सीआरआई में की जा रही है। बीमारी को लेकर प्रदेश भर में अलर्ट किया गया है।