हादसे का पता तब चला जब एक व्यक्ति सुबह खेत में काम करने और घास लेने जा रहा था। रास्ते में उसे नीचे खेत के पास एक बोलेरो दुर्घटनाग्रस्त हालत में दिखाई दी।
शिलाई क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे में बोलेरो चालक की मौत हो गई। हादसे का पता तब चला जब एक व्यक्ति सुबह खेत में काम करने और घास लेने जा रहा था। रास्ते में उसे नीचे खेत के पास एक बोलेरो दुर्घटनाग्रस्त हालत में दिखाई दी। वाहन के पास जाकर देखा तो झाड़ियों में एक व्यक्ति का शव पड़ा था। मृतक की पहचान ढाढस निवासी प्रदीप सिंह के रूप में हुई है। एसपी एनएस नेगी ने बताया कि रमेश सिंह निवासी बांदली कांडो भटनोल ने पुलिस थाना शिलाई में घटना की सूचना दी। रमेश सिंह ने बताया कि वह सुबह अपने खेत में काम करने और घास-पत्ती लेने के लिए गया था।
विज्ञापन
इसी दौरान उसे नीचे वाले खेत के नीचे एक वाहन दुर्घटनाग्रस्त दिखाई दिया। यह बोलेरो वाहन ढाढस निवासी प्रदीप सिंह का बताया गया। रमेश सिंह ने जब वाहन के आसपास जाकर देखा तो नीचे झाड़ियों में एक व्यक्ति लहूलुहान हालत में पड़ा था। नजदीक जाकर पहचान करने पर वह प्रदीप सिंह निकला। एसपी ने बताया कि सूचना मिलने के बाद पुलिस थाना शिलाई की टीम ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। हादसा कब और किस परिस्थिति में हुआ, इसकी भी जांच की जा रही है।