हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर में पांच साल की बच्ची के सिर पर ईंटों से बनी पट्टिका गिर गई, जिससे मौके पर ही मासूम की मौत हो गई। मृतक बच्ची की पहचान लक्ष्मी, पुत्री रामकुमार, गांव मल्लपुर, जिला मुरादाबाद उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है। यह हादसा भराड़ी थाना के तहत भटेड़ गांव में वीरवार दोपहर करीब 2:00 बजे हुआ। लक्ष्मी बच्चों के साथ अपने किराये के घर के पास खेल रही थी।
जिस जगह बच्चे खेल रहे थे, वहां मनरेगा के तहत पानी का टैंक है। इस टैंक के निर्माण पर हुए खर्च का ब्योरा ईंटों से बनी पट्टिका पर दर्ज किया गया था। अचानक पट्टिका लक्ष्मी के सिर पर गिर गई, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। लक्ष्मी के पिता भटेड़ गांव में ही मजदूरी करते हैं। थाना प्रभारी सतपाल ने बताया कि मामले की छानबीन की जा रही है। वहीं, एसडीएम घुमारवीं शशिपाल ने बताया कि पीड़ित परिवार को प्रशासन की तरफ से फौरी राहत के तौर पर दस हजार रुपये दिए गए हैं।