पीठ पर उठाकर अस्पताल पहुंचाई महिला
- फोटो : अमर उजाला
हिमाचल के कुल्लू जिले के उपमंडल बंजार की अति दुर्गम नोहांडा पंचायत के नाहीं गांव में बीमार महिला को ग्रामीण चार किलोमीटर पीठ पर उठाकर गुशैणी लाए। यहां प्राथमिक उपचार के बाद ही महिला की जान बच पाई। महिला को उल्टी-दस्त की शिकायत थी। महिला की हालत में सुधार न होता देख ग्रामीण बुधवार को रामी देवी (44) पत्नी काहन चंद, निवासी नाहीं को पीठ पर उठाकर चार किमी दूर तक लाए। बंजार के कई गांव अभी भी सड़क से कोसों दूर हैं। ऐसे गांवों में बीमारी की हालत में लोगों की मुश्किलें बढ़ जाती हैं।
12 फरवरी को भी रंजना देवी (16) पुत्री लोभू राम को पीठ और पेट में दर्द होने के चलते कुर्सी पर उठाकर नाहीं गांव से लगभग 4 किलोमीटर दूर पेखड़ी तक पहुंचाया गया था। रामी देवी के पति काहन चंद, भिंद्र सिंह, वीर सिंह, सुरेश व प्रेम चंद ने कहा कि सड़क न होने से गांव में बीमार व्यक्ति को पीठ पर सड़क तक पहुंचाना पड़ता है। नोहांडा के शुंगचा, दारन, डिंगचा, टलिंगा, शलिंगा गांव सड़क से वंचित हैं। ऐसे में ग्रामीणों ने सरकार और प्रशासन से गुहार लगाई है कि इन गांवों को सड़क से जोड़ा जाए।