भवन के रखरखाव, रंग रोगन पर खर्च होंगे 45 लाख रुपये
अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय शिमला के खाली करवाए गए श्रीखंड छात्रावास का फिलहाल अगस्त में नया सत्र शुरू होने तक आवंटन नहीं हो पाएगा। छात्रों को इस छात्रावास के आवंटन के लिए इंतजार करना पड़ सकता है।
जमीन में कंपन की शिकायत के बाद इस छात्रावास को बंद करवा दिया था। अब जियोलॉजिकल सर्वे में छात्रावास सुरक्षित करार दे दिया है। रिपोर्ट में इस भवन को और सुरक्षित बनाने के लिए कई सुझाव भी जियोलॉजिस्ट ने दिए हैं। फिलहाल हिमाचल विवि ने इस भवन की सुरक्षा पर करीब 45 लाख रुपये खर्च करने का फैसला लिया है। इस कार्य को सीपीडब्ल्यूडी करवाएगा। सीपीडब्ल्यूडी के अधिकारियों की टीम जल्द छात्रावास का निरीक्षण करेगी। इसके बाद ही इस छात्रावास भवन के रखरखाव, रंग रोगन, बाथरूम और टॉयलेट की मरम्मत की जाएगी। जियोलॉजिस्ट ने भवन की छत सहित टॉयलेट, बाथरूम से पानी की उचित निकासी की हिदायत दी है। काम जितना जल्दी शुरू होगा उतना जल्दी छात्रों को यह छात्रावास आवंटित किया जा सकेगा।
विश्वविद्यालय प्रशासन ने अगस्त 2024 में भवन को खाली करवाकर 28 विद्यार्थियों को दूसरे छात्रावास में शिफ्ट कर दिया था। इसके बाद से छात्रावास बंद पड़ा है। विवि में पहले से लड़कों के लिए चल रही छात्रावासों की कमी के चलते छात्र छात्रावासों के लिए तरस रहे हैं। श्री खंड छात्रावास में 62 से अधिक छात्रों को जो छात्रावास मिलना था नया सत्र शुरू होने पर भी नसीब नहीं हुआ। ऐसे में बॉयज छात्रावासों की समस्या और गंभीर हो गई है। विवि के चीफ वार्डन प्रो. आरएल जिंटा ने माना कि नए शैक्षणिक सत्र 2025-26 के शुरू होने तक श्रीखंड छात्रावास की मरम्मत, रंग रोगन आदि कार्य पूरा करने का लक्ष्य है।
कोट
श्रीखंड छात्रावास की मरम्मत, रखरखाव और रंग रोगन, पानी की निकासी का कार्य करने के लिए 45 लाख का बजट मंजूर हुआ है। जियोलॉजिस्ट की रिपोर्ट में जो सुझाव दिए हैं, उसमें डंगों का निर्माण भी करवाया जाना है। इसके लिए अलग से बजट की जरूरत रहेगी।
ज्योति शर्मा, अधिशासी अभियंता, हिमाचल विश्वविद्यालय शिमला