शिमला। हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय के श्रीखंड छात्रावास में कंपन की छात्रों की ओर से दी शिकायत के बाद छात्रावास भवन की माॅनिटरिंग की जा रही है। इसमें उपकरण लगाकर भवन के मूल स्ट्रक्चर की दिशा में आने वाले बदलाव को विवि की निर्माण विंग के अधिकारी देेख रहे हैं। उद्योग विभाग के भूवैज्ञानिक एक माह से आंकड़ों काे जुटा रहे हैं। यह प्रक्रिया शुक्रवार को पूरी हो जाएगी। इसके बाद विवि का निर्माण विभाग भूवैज्ञानिकों को पूरी रीडिंग भेजकर श्रीखंड छात्रावास के निरीक्षण के लिए आग्रह करेगा। रिपोर्ट आने के बाद ही इस छात्रावास को खोलने पर फैसला होगा। इस छात्रावास की माॅनिटरिंग कर रहे निर्माण विंग मंडल के अधिशासी अभियंता ज्योति शर्मा ने कहा कि शुक्रवार तक माॅनिटरिंग के आंकड़ों को भूवैज्ञानिक को सौंप दिया जाएगा। इस छात्रावास के बंद होने से करीब 70 विद्यार्थियों को छात्रावास की सुविधा नहीं दी जा पा रही हैं। ब्यूरो