शिमला। त्योहारी सीजन के रंग में रंगे राजधानी के बाजारों में वीकेंड पर लोगों ने जमकर खरीददारी की। शहर के कारोबारियों के अनुसार बाजारों में शनिवार को फरवरी के बाद पहली बार इतनी ज्यादा भीड़ देखने को मिली है।
वीकेंड पर छुट्टी का फायदा उठाते हुए लोगों ने खूब शॉपिंग की। करवाचौथ का सामान खरीदने के लिए सुबह से ही दुकानों पर महिलाओं की भीड़ लगी रही। दोपहर तक हालत ऐसी थी कि लोअर बाजार और रामबाजार में पैदल चलना तक मुश्किल हो गया। कई कारोबारियों ने कपड़ों की सेल लगाते हुए दुकान के बाहर सड़क पर ही सामान सजा दिया। कपड़ों के अलावा ज्वैलरी शॉप, आर्टिफिशियल ज्वैलरी, चूड़ियों की महिलाओं ने जमकर खरीदारी हुई। कारोबारियों का कहना है कि रविवार को भी खरीदार पहुंचने की संभावना है। शादी, करवाचौथ और त्योहारी सीजन के चलते बीते आठ महीने में पहली बार बाजार में इतने ज्यादा ग्राहक पहुंचे हैं।
कपड़ा कारोबारियों का कारोबार तो तीन से चार गुना तक बढ़ गया है। शिमला व्यापार मंडल के अध्यक्ष इंद्रजीत सिंह ने कहा कि बाजार में ग्राहकों की भीड़ देखकर कारोबारी खुश हैं। शनिवार को महीनों बाद बाजारों में इतनी भीड़ देखी है। अध्यक्ष ने कारोबारियों से अपील की कि वे सोशल डिस्टेंसिंग भी कायम रखे और मास्क का इस्तेमाल जरूर करें।
त्योहारी सीजन में कोरोना का खौफ बेअसर
शहर में त्योहारी सीजन के बीच कोरोना का खौफ भी बेअसर हो गया है। बाजारों में इतनी ज्यादा भीड़ हो रही है कि सोशल डिस्टेंसिंग का पालन कोई नहीं कर रहा है। कारोबारी सेल की आड़ में अपना सामान सड़क पर सजा रहे हैं जिससे जमघट और बढ़ रहा है। कई कारोबारी मास्क तक नहीं पहन रहे। अतिक्रमण करने वालों पर त्योहारी सीजन के बीच नगर निगम का डंडा भी ठंडा पड़ गया है।
पैक्ड मिठाइयां खरीद रहे लोग
कोरोना के खतरे को देखते हुए ज्यादातर लोग होटलों में जाने की बजाय दुकानों पर पैक्ड मिठाइयां खरीद रहे हैं। बाजार में कई लोग खुले में ही खाने-पीने का दूसरा सामान बेच रहे हैं जिससे बीमार होने का भी खतरा है। लोगों ने खुले में मिठाइयां बेचने वालों पर कार्रवाई की भी मांग की है।