शिकायत के बावजूद विभाग आज तक नहीं निकला समाधान अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। शोघी पुलिस चौकी के बरसात में ढहने के कारण क्षतिग्रस्त पेयजल लाइन को जलशक्ति विभाग दो महीने बाद भी दुरुस्त नहीं कर पाया है। इस वजह से पुलिस चौकी शोघी में सेवाएं दे रहे पुलिस कर्मियों को पानी की किल्लत से जूझना पड़ रहा है।
हालत यह है कि पुलिस कर्मचारी दो महीने से टैंकरों से पानी मंगवाकर गुजारा कर रहे हैैं। पुलिस कर्मचारियों की ओर से इस बारे में संबंधित विभाग को कई बार शिकायत की जा चुकी है। बावजूद इसके आज तक समस्या का समाधान नहीं हो पा रहा है। अगस्त में भूस्खलन के कारण पुलिस चौकी शोघी की बैरक को भारी नुकसान पहुंचा था। इस वजह से पुलिस प्रशासन ने बैरक को खाली करवा दिया था और अस्थायी रूप से कैंटर में बैरक की सुविधा उपलब्ध करवाई गई है। भूस्खलन के कारण यहां पर चौकी के लिए बिछाई गई पेयजल लाइन क्षतिग्रस्त हो गई थी। पुलिस प्रशासन की ओर से मामले की सूचना जलशक्ति विभाग को दी गई लेकिन आज तक लाइन दुरुस्त नहीं हो पाई है।
विज्ञापन
पुलिस चौकी और बैरियर के
15 कर्मचारी दे रहे हैं सेवाएं
शोघी चौकी में वर्तमान में 9 पुलिस कर्मचारी दिनरात सेवाएं दे रहे हैं। इसके अलावा पुलिस बैरियर के 5 कर्मचारी भी यहीं पर तैनात हैं। बैरियर के दिन और रात के समय बाहर से आने वाले वाहनों की नियमित जांच की जाती है। आसपास रिहायशी क्षेत्र नहीं होने के कारण पुलिस कर्मचारियों के लिए पानी का इंतजाम करना मुश्किल हो गया है। मजबूरी में टैंकर मंगवाकर का इंतजाम किया जा रहा है। सर्दियों के मौसम में बर्फबारी होने से पहले अगर पेयजल लाइन को दुरुस्त नहीं किया गया तो पुलिस कर्मचारियों की मुश्किलें और बढ़ जाएंगी।
कोट
विभाग लोगों को पेयजल सुविधा उपलब्ध करवाने के लिए त्वरित कार्रवाई करता है। कई बार अन्य दिक्कतों के कारण कार्य में देरी होती है। संबंधित अधिकारियों को निर्देश देकर समस्या का जल्द से जल्द समाधान निकाला जाएगा। -कमलराज कपिल, अधिशासी अभियंता, जलशक्ति विभाग