राष्ट्रपति के दौरे से पहले चकाचक हुईं शहर की सड़कें, सर्कुलर रोड पर नहीं लगा जाम
अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के शिमला दौरे को लेकर किए गए इंतजामों से शहरवासियों को भी राहत मिली है। वीकेंड के बावजूद राजधानी में सर्कुलर रोड पर शनिवार सुबह जाम नहीं लगा। पिछले एक हफ्ते से इस सड़क पर जाम लग रहा था और दस किलोमीटर के सफर में ही एक घंटा लग रहा था।
राष्ट्रपति के दौरे के कारण तारादेवी से लेकर शिमला बस स्टैंड तक जगह-जगह पुलिस तैनात रही। सर्कुलर रोड पर भी करीब हर मोड़ पर पुलिस के जवान मुस्तैद दिखे। सड़कों के किनारे होने वाली अवैध पार्किंग पर पुलिस सख्त दिखी जिसका नतीजा यह हुआ कि सुबह से लेकर शाम तक शहर में जाम नहीं लगा। राष्ट्रपति के दौरे को देखते हुए शहर के मालरोड, राजभवन सड़क को पक्का करने का काम पूरा कर लिया गया है। शनिवार को हाईकोर्ट सड़क पर भी टारिंग का काम पूरा कर लिया गया है। अब रविवार को खलीनी में नगर निगम की सड़कों की टारिंग शुरू होगी। नगर निगम ने कूड़ेदान, रेलिंग से लेकर बेंचों को भी रंग-रोगन किया है। मालरोड पर शनिवार को लावारिस कुत्तों के झुंड भी गायब रहे। दौरे को लेकर किए गए इंतजामों को देखकर शहरवासी खुश हैं कि इसी बहाने शिमला शहर में काम हुआ है।
पुलिस की सख्ती से कारोबारी परेशान
शहर में पुलिस की ओर से किए गए इंतजामों से कारोबारियों को परेशानी झेलनी पड़ी है। कच्चीघाटी-घोड़ाचौकी समेत अन्य सड़कों पर पुलिस दुकानों के बाहर बनी पार्किंग में भी वाहनों को खड़े होने की अनुमति नहीं दे रही है। कच्चीघाटी वार्ड में कई मेकेनिक भी हैं। इनका काम बंद हो गया है। स्थानीय कारोबारी गगन, अविनाश, राकेश ने कहा कि राष्ट्रपति के दौरे को लेकर शहरवासी खुश हैं, लेकिन पुलिस कुछ ज्यादा सख्ती कर रही है। राष्ट्रपति की मूवमेंट के समय वे दुकानें तक बंद रखने को भी तैयार हैं, लेकिन मूवमेंट न होने पर भी सख्ती करना सही नहीं है। राष्ट्रपति का संकटमोचन दौरा मंगलवार को होना है लेकिन यहां सख्ती शुक्रवार से शुरू कर दी गई है। कारोबारियों ने राहत की मांग की है।