ग्रीष्मोत्सव में होंगी चित्रकला, फ्लावर शो, हेल्दी बेबी समेत कई प्रतियोगिताएं, स्टार नाइट में कई बड़े कलाकार मचाएंगे धमाल
विज्ञापन
क्रॉसर
रिज के नए परिसर के पास बनेगा ग्रीष्मोत्सव का मंच
सांस्कृतिक गतिविधियों का किया जाएगा आयोजन अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। राजधानी के ऐतिहासिक रिज मैदान पर शिमला ग्रीष्मोत्सव-2026 इस बार एक से पांच जून तक आयोजित किया जाएगा। जिला प्रशासन ने इसके लिए तैयारियां शुरू कर दी हैं।
उपायुक्त एवं शिमला ग्रीष्मोत्सव समिति के अध्यक्ष अनुपम कश्यप ने सोमवार को बचत भवन में बैठक बुलाकर इस पर चर्चा की। इस बार शिमला ग्रीष्मोत्सव के दौरान हर दिन अलग-अलग विषय पर गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। पांच दिवसीय शिमला ग्रीष्मोत्सव के दौरान हर दिन सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के अलावा शाम को सुप्रसिद्ध कलाकारों की स्टार नाइट होगी। इस कार्य के लिए अतिरिक्त उपायुक्त, अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी (कानून एवं व्यवस्था), जिला भाषा अधिकारी और जिला लोक संपर्क अधिकारी की समिति मिलकर कार्य करेगी। उपायुक्त ने कहा कि सभी लोग और अधिकारी शिमला ग्रीष्मोत्सव-2026 के आयोजन को लेकर अपने सुझाव आयोजन समिति को दे सकते हैं जिन्हें इस आयोजन में शामिल किया जाएगा।
विज्ञापन
इस बार ग्रीष्मोत्सव के लिए रिज के नए परिसर के पास मंच बनेगा। ग्रीष्मोत्सव के दौरान चित्रकला प्रतियोगिता, सड़क सुरक्षा जागरूकता, प्राकृतिक फ्लावर शो का आयोजन भी किया जाएगा। इस दौरान हेल्दी बेबी प्रतियोगिता का आयोजन भी होगा। हिमाचली फूड फेस्टिवल के आयोजन को लेकर भी प्रयास किए जाएंगे। उपायुक्त ने कहा कि शिमला ग्रीष्मोत्सव एक बेहद प्रतिष्ठित कार्यक्रम है जिसका इंतजार शिमला सहित अन्य राज्यों के लोग हर साल बेसब्री से करते हैं। उपायुक्त ने ग्रीष्मोत्सव में अधिक से अधिक गतिविधियों का आयोजन करने के लिए सभी अधिकारियों को अभी से तैयारी शुरू करने के निर्देश दिए।
कॉफी टेबल बुक का होगा विमोचन
अंतरराष्ट्रीय शिमला ग्रीष्मोत्सव-2026 को लेकर एक स्मारिका और कॉफी टेबल बुक का विमोचन भी किया जाएगा। इसमें शिमला से संबंधित पुरानी तस्वीरों को शामिल किया जाएगा। बैठक में एसएसपी गौरव सिंह, अतिरिक्त उपायुक्त सचिन शर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शिमला अभिषेक, अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी (प्रोटोकॉल) ज्योति राणा, अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी (कानून एवं व्यवस्था) पंकज शर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।