मालरोड पर एक महिला के साथ मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद शिमला पुलिस ने मामले का संज्ञान लिया है। 23 सितंबर को प्रसारित हुए वीडियो में एक व्यक्ति महिला के साथ मारपीट करता हुआ दिखाई दे रहा था। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने इसकी तस्दीक कर जांच शुरू की। पुलिस के अनुसार सत्यापन के बाद पुलिस थाना सदर शिमला में अभियोग संख्या 126/26 दर्ज किया गया है। मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 74, 79 और 115(2) के तहत केस दर्ज किया गया है।
पूछताछ में दोनों ने खुद को बताया पति-पत्नी
जांच के दौरान वीडियो में दिखाई दे रहे महिला और पुरुष की पहचान की गई। दोनों को पुलिस थाना सदर शिमला में पूछताछ के लिए बुलाया गया। पुलिस के मुताबिक पूछताछ में दोनों ने स्वयं को पति-पत्नी बताया। दोनों ने पुलिस को बताया कि उनका विवाह मई महीने में हुआ था और वे पहली बार शिमला घूमने आए थे।
महिला के बयान दर्ज, वीडियो भी सुरक्षित
पुलिस ने महिला से घटना के संबंध में अलग से पूछताछ की और उसके बयान दर्ज किए। इसके साथ ही वायरल वीडियो को सुरक्षित करते हुए मामले से जुड़े आवश्यक इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य भी संकलित किए गए हैं। पुलिस घटनास्थल की भी तस्दीक कर रही है, ताकि घटना से जुड़े तथ्यों और उपलब्ध साक्ष्यों को जांच में शामिल किया जा सके।