शिमला में शुष्क मौसम और धूल-मिट्टी से आंखों की समस्याएं बढ़ रही हैं।
- फोटो : अमर उजाला नेटवर्क
शुष्क मौसम और वातावरण में बढ़ी धूल-मिट्टी से लोगों की आंखों पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। वहीं ठंड से बचने के लिए हीटर के अधिक इस्तेमाल से आंखों में ड्राईनेस के मामले भी बढ़ रहे हैं। इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (आईजीएमसी) और दीन दयाल उपाध्याय जोनल अस्पताल (डीडीयू) की नेत्र रोग ओपीडी में मरीज आंखों से जुड़ी शिकायतें लेकर पहुंच रहे हैं। रोजाना करीब 30 मरीज आंखों में जलन, चुभन और सूखेपन की समस्या का उपचार करवाने आ रहे हैं। मौसम में बदलाव और हीटर के इस्तेमाल से लोगों की परेशानी बढ़ती जा रही है।
शुष्क मौसम और ठंड से बचने के लिए घरों तथा कार्यालयों में हीटर का अधिक इस्तेमाल आंखों की सेहत पर भारी पड़ रहा है। वातावरण में नमी कम होने और हीटर से निकलने वाली गर्म हवा के कारण आंखों की प्राकृतिक नमी प्रभावित हो रही है। आंखों में सूखापन (ड्राई आई) होने से कई लोगों को बार-बार पलकें झपकाने और आंखों से पानी आने की शिकायत भी हो रही है। वहीं लंबे समय से जिलेभर में बारिश न होने के कारण धूल-मिट्टी की समस्या भी बढ़ गई है, जिसका असर आंखों पर पड़ रहा है।
नेत्र विशेषज्ञों के अनुसार सर्दियों में वातावरण की नमी कम होने से आंखों की सतह पर मौजूद आंसुओं की परत जल्दी सूख सकती है। हीटर के सामने लंबे समय तक बैठने से यह समस्या और बढ़ जाती है। इसके अलावा धूल-मिट्टी के संपर्क में आने से भी आंखों में जलन और अन्य परेशानियां हो सकती हैं।
सर्दियों में यह करें
- हीटर की गर्म हवा सीधे चेहरे और आंखों पर न पड़ने दें। पर्याप्त मात्रा में पानी पिएं।
- मोबाइल और कंप्यूटर का इस्तेमाल करते समय बीच-बीच में ब्रेक लें।
- बार-बार आंखों को मसलने से बचें और डाॅक्टर को दिखाएं।
- डॉक्टर की सलाह के बिना किसी भी आई ड्रॉप का इस्तेमाल न करें।
इसलिए होती है ड्राई आई
- सर्दियों में शुष्क मौसम और वातावरण में नमी की कमी।
- हीटर और एसी से निकलने वाली गर्म या शुष्क हवा। मोबाइल और कंप्यूटर का लंबे समय तक इस्तेमाल। पर्याप्त बार पलकें न झपकाना।
- बढ़ती उम्र और कुछ दवाओं का प्रभाव। धूल-मिट्टी के कारण भी आंखों में इस तरह की दिक्कत आ सकती है।
इन दिनों शुष्क मौसम और ठंड के कारण आंखों से जुड़ी समस्याएं बढ़ जाती हैं। लोगों से आग्रह है कि वह अपनी आंखों का विशेष ध्यान रखें और चिकित्सक की सलाह के बिना आई ड्रॉप का इस्तेमाल न करें।- डॉ. चंद्रेश ठाकुर, नेत्र रोग विशेषज्ञ