बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान के लिए शिमला जिले को राष्ट्रीय पुरस्कार से नवाजा जा रहा है। यह पुरस्कार बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ के तहत जागरूकता से संबंधित अभियान एवं गतिविधियों के शानदार क्रियान्वयन के लिए दिया जा रहा है। केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री स्मृति ईरानी 7 अगस्त को दिल्ली स्थित विज्ञान भवन में प्रस्तावित कार्यक्रम में यह पुरस्कार प्रदान करेंगी।
उपायुक्त अमित कश्यप यह राष्ट्रीय पुरस्कार प्राप्त करेंगे। देशभर से दस जिलों का राष्ट्रीय पुरस्कार के लिए चयन किया गया है। उपायुक्त अमित कश्यप ने राष्ट्रीय पुरस्कार पाने के लिए जिले के सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को बधाई दी है।
योजना के तहत शिमला जिले भर में हुई 38 रैलियां और 1236 शपथ कार्यक्रम
बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ योजना के तहत शिमला जिले में 5738 बालिका दिवस, 636 बेटी जन्मोत्सव का आयोजन करने के साथ-साथ 445 बालिकाओं के अभिभावकों को सम्मानित किया गया। एक बूटा बेटी के नाम कार्यक्रम के तहत जिले में 156 पौधे लगाए गए।
जागरूकता एवं जानकारी प्रदान करती 38 रैलियों के अलावा जिले भर में 1236 ‘बेटी बचाओ’ शपथ कार्यक्रमों तथा 3656 ग्रामीण स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं पोषण तथा ग्रामीण स्वास्थ्य पोषण दिवसों का आयोजन किया गया। 330 ग्रामीण टॉस्क फोर्सों की बैठकें और 58 हस्ताक्षर अभियान कार्यक्रमों का आयोजन भी किया गया। इसके अलावा 1088 मातृ दिवस भी आयोजित किए गए।